नजरिया न्यूज़, जोगबनी/विराटनगर। राकेश कुमार।
नेपाल के सुनसरी जिले के देवानगंज में रविवार को दो समुदायों के बीच हुई हिंसक झड़प में ओम प्रकाश महतो की मौत तथा करीब एक दर्जन लोगों के घायल होने के बाद पूरे नेपाल के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन जारी है।
इसी कड़ी में मंगलवार को भारत-नेपाल सीमा से सटे विराटनगर में भी लोगों ने बाजार बंद कराकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
नेपाल प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
वहीं, नेपाल में उत्पन्न हालात को देखते हुए भारत के बिहार राज्य के अररिया जिला प्रशासन ने भी सतर्कता बढ़ा दी है। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित जोगबनी सहित अन्य सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है। सीमा पर आने-जाने वाले लोगों की जांच तेज कर दी गई है तथा सुरक्षा बल लगातार गश्त कर रहे हैं।
प्रशासन ने आम लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। सीमावर्ती क्षेत्रों की स्थिति पर दोनों देशों के प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।






















