संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया 
पलासी (अररिया)। जिला पदाधिकारी अररिया विनोद दूहन ने बुधवार को पलासी प्रखंड एवं अंचल कार्यालय का निर्धारित निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यालयों में संचालित कार्यों, अभिलेखों एवं महत्वपूर्ण पंजियों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया। डीएम ने अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिया अंचल कार्यालय के निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने उपस्थिति पंजी, सेवा पुस्तिका, सेरात पंजी, अतिक्रमण पंजी सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन समीक्षा की। उन्होंने अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा आम लोगों से जुड़े राजस्व मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।इसके बाद डीएम ने प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अंकेक्षण पंजी, रोकड़ पंजी, षष्ठम वित्त योजना पंजी सहित अन्य अभिलेखों की जांच की। साथ ही प्रखंड क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।जिला पदाधिकारी ने बीडीओ कुमार अनिकेत को विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखने, अभिलेखों का सही ढंग से संधारण करने तथा योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
कार्यालय परिसर में किया पौधारोपण निरीक्षण के दौरान डीएम विनोद दूहन ने प्रखंड कार्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की।डीएम ने कहा कि प्रखंड एवं अंचल कार्यालय सीधे आम लोगों से जुड़े हुए हैं। ऐसे में कार्यालय आने वाले लोगों को समय पर बेहतर, पारदर्शी और सुगम सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की
प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन अररिया नवनील कुमार, बीडीओ कुमार अनिकेत, सीओ अंशु कुमार सिंह सहित प्रखंड एवं अंचल स्तर के पदाधिकारी, कर्मी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।














