नजरिया न्यूज़, विशेष संवाददाता, अररिया।
अररिया जिला में बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था कायम करने और कानून-व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक (एसपी) जितेंद्र कुमार ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस महकमे में अनुशासनहीनता और काम में ढिलाई बरतने वालों पर गाज गिरनी शुरू हो गई है। एसपी कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता के गंभीर आरोपों में जिले के तीन थानाध्यक्षों को तत्काल प्रभाव से क्लोज/लाइन हाजिर कर पुलिस केंद्र, अररिया भेज दिया गया है।
विभागीय कार्रवाई की जद में आए अधिकारियों में सिकटी थानाध्यक्ष रोशन कुमार सिंह, सोनामनी गोदाम थानाध्यक्ष चंदन कुमार और बथनाहा थानाध्यक्ष राजवीर साहू शामिल हैं।
अगस्त महीने की समीक्षा के बाद गिरी गाज
पुलिस मुख्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, अगस्त 2026 में दर्ज मुकदमों, लंबित मामलों के निष्पादन और थानों के ओवरऑल प्रदर्शन की गहन समीक्षा की गई थी। समीक्षा के दौरान इन तीनों थानों की कार्यप्रणाली में गंभीर कमियां और लापरवाही उजागर हुईं। इसके बाद एसपी ने त्वरित एक्शन लेते हुए तीनों अधिकारियों को हटाकर विभागीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
सिकटी थानाध्यक्ष का विवादों से पुराना नाता
लाइन हाजिर किए गए सिकटी थानाध्यक्ष रोशन कुमार सिंह का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले भी वे कुआड़ी थाना प्रभारी रहते हुए गंभीर आरोपों के चलते लाइन हाजिर हो चुके हैं। एक बार फिर उनके खिलाफ हुई इस कड़ी कार्रवाई के बाद से जिले के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और कयासों का दौर जारी है।
एसपी जितेंद्र कुमार की इस सख्त कार्रवाई से जिले के अन्य थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों को स्पष्ट संदेश चला गया है कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही या अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


















