नजरिया न्यूज़,अररिया: यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (U.F.B.U.) के आह्वान पर अखिल भारतीय बैंक हड़ताल के तहत शुक्रवार को अररिया में विभिन्न बैंकों के कर्मचारी और अधिकारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। काली बाजार स्थित अररिया मेन ब्रांच परिसर में बैंककर्मियों ने एकजुट होकर अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता छोटे लाल गुप्ता ने की। हड़ताल के दौरान बैंक कर्मचारियों ने सरकार से उनकी प्रमुख मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 5 दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, सरकार की एकतरफा एवं भेदभावपूर्ण पीएलआई (PLI) योजना को वापस लेना तथा यूनियनों के साथ द्विपक्षीय वार्ता के माध्यम से पीएलआई योजना में आवश्यक संशोधन करना शामिल है। इसके अलावा बैंककर्मियों ने लंबे समय से लंबित अन्य मुद्दों के समाधान की भी मांग उठाई।
हड़ताल में छोटे लाल गुप्ता के अलावा सुरज कुमार, विवेक कुमार, अमन कुमार, मासूम रजा, सस्ती कुमार गुप्ता, रजवीर कुमार, छाया गुप्ता, रोहित कश्यप, संतोष झा, विपिन कुमार, हिंदू हंसदा, सरस्वती बेहरा, तेजासनी शर्मा, सुरभि मेहरा, मायंक कुमार, विक्की कुमार, नकी अहमद, अशोक कुमार रजक और अशफाक अहमद सहित कई बैंककर्मी मौजूद रहे। पेंशनर्स एसोसिएशन से जुड़े लोगों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
U.F.B.U. के कार्यक्रम के अनुसार 11 सितंबर के अलावा 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को भी अखिल भारतीय बैंक हड़ताल का आह्वान किया गया है। वहीं मांगों का समाधान नहीं होने पर 26 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा की गई है।
बैंककर्मियों ने स्पष्ट किया कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होने की स्थिति में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। अब सरकार की पहल और आगामी वार्ता पर सभी की नजरें टिकी हैं।


















