संजय ठाकुर संवाददाता पलासी अररिया

अररिया, 11 सितंबर। बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन का अररिया जिला सम्मेलन उत्साहपूर्ण एवं जोशीले माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में जिले के विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं से बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिकाओं ने भाग लिया। इस दौरान आंगनबाड़ी कर्मियों की समस्याओं, लंबित मांगों, अधिकारों तथा संगठन को मजबूत बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।सम्मेलन को यूनियन के राज्य महासचिव कुमार बिंदेश्वर सिंह, राज्य उपाध्यक्ष पूनम श्रीवास्तव तथा राज्य नेता संजय कुमार भारती ने संबोधित किया। वक्ताओं ने आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं को सरकारी कर्मी का दर्जा, सम्मानजनक मानदेय, सामाजिक सुरक्षा एवं पेंशन सहित अन्य सुविधाएं देने की मांग की।राज्य महासचिव कुमार बिंदेश्वर सिंह ने कहा कि बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन पिछले 40 वर्षों से
सेविका-सहायिकाओं के अधिकार, सम्मान और बेहतर मानदेय के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की एकजुटता और आंदोलनों के बल पर ही मानदेय में वृद्धि सहित कई उपलब्धियां हासिल हुई हैं।राज्य उपाध्यक्ष पूनम श्रीवास्तव ने जिले की सभी बाल विकास परियोजनाओं में संगठन का विस्तार करने और अधिक से अधिक आंगनबाड़ी कर्मियों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया। वहीं राज्य नेता संजय कुमार भारती ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मी बच्चों, महिलाओं, पोषण तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं को गांवों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए उन्हें उचित सम्मान और सुविधाएं मिलनी चाहिए।सम्मेलन में सर्वसम्मति से बिहार राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी यूनियन की अररिया जिला कमेटी का गठन किया गया। इसमें शबनम देवी को अध्यक्ष, उमा देवी को महासचिव तथा अंजू देवी को कोषाध्यक्ष चुना गया।उपाध्यक्ष पद पर किरण कुमारी, श्वेता कुमारी और सुमन देवी, जबकि सचिव पद पर रीना देवी, ललिता देवी और अंबिका देवी को
जिम्मेदारी सौंपी गई।कार्यकारिणी सदस्यों में हुमा परवीन, नाजिश बानो, मंजू कुमारी, अनीता देवी, सीता देवी, श्वेता, सुमन, किरण कुमारी, अंजू देवी और बबीता देवी शामिल हैं। वहीं प्रशांत कुमार और वीरेंद्र कुमार को प्रवक्ता, दिलीप विश्वास को मीडिया प्रभारी तथा मनोज यादव को संयोजक बनाया गया।सम्मेलन में आगामी 19 और 20 सितंबर 2026 को पटना में आयोजित बिहार राज्य सम्मेलन के लिए अररिया जिले से 21 प्रतिनिधियों का चयन भी किया गया।सम्मेलन के समापन पर नवनिर्वाचित जिला कमेटी ने जिले में संगठन का विस्तार करने, सदस्यता अभियान तेज करने तथा आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं की लंबित मांगों को लेकर चरणबद्ध आंदोलन चलाने का संकल्प लिया।सम्मेलन का मुख्य नारा रहा—आंगनबाड़ी कर्मियों की एकता मजबूत करो, अधिकारों की लड़ाई तेज करो।”“सरकारी कर्मी का दर्जा दो, सम्मानजनक मानदेय लागू करो।”













