– फुलकाहा जाने के बाद से नहीं लौटा किशोर, परिजनों ने पुलिस से शीघ्र बरामदगी और कानूनी कार्रवाई की मांग की।
नजरिया न्यूज़,
नरपतगंज :अररिया। घूरना थाना क्षेत्र के एक 14 वर्षीय नाबालिग छात्र के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। इस संबंध में बच्चे के पिता कमाल कुमार गुप्ता ने घूरना थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र की सकुशल बरामदगी और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, 22 जुलाई 2026 की सुबह करीब 7 बजे उनका पुत्र शिवम कुमार अपने एक मित्र के साथ घर से निकला था। परिजनों का कहना है कि दोनों फुलकाहा बाजार की ओर गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पीड़ित पिता ने आवेदन में आशंका जताई है कि उनके नाबालिग पुत्र के साथ कोई अप्रिय घटना घट सकती है। उन्होंने बताया कि पहले भी उनका पुत्र घर से चला गया था, लेकिन उस समय लोगों के सहयोग से वह सकुशल मिल गया था। इस बार अब तक कोई जानकारी नहीं मिलने से परिवार काफी चिंतित है।
पीड़ित ने घूरना थाना पुलिस से अपने नाबालिग पुत्र की शीघ्र बरामदगी कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।घूरना थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने कहा बच्चे की बरामदगी के लिए जगह जगह जांच कर रही है । क्षेत्र के लोगों से अपील करते हुए कहा गुमसुदगी बच्चे की तलाश करने में सहयोग करें।





















