नजरिया न्यूज़,
कुआरी /अररिया। कुर्साकांटा प्रखंड की कुआरी पंचायत स्थित उच्च विद्यालय परिसर में मंगलवार को जिला प्रशासन के निर्देश पर पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अलग-अलग काउंटर लगाकर ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और उनके आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिया।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पेंशन, जमीन विवाद, नल-जल योजना, बिजली, आवास, मनरेगा, कृषि, पशुपालन समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंचे। कई लोगों ने पेंशन स्वीकृति में देरी और पेयजल की समस्या उठाई।
बीडीओ डॉ. नैना पॉल ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालय के चक्कर से राहत दिलाकर पंचायत स्तर पर ही उनकी समस्याओं का समाधान करना है। वहीं अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने भूमि एवं राजस्व मामलों की शिकायतें सुनते हुए नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुखिया बीना देवी ने पंचायत की पेयजल, सड़क और पेंशन संबंधी समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष प्रमुखता से रखा। शिविर में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।






















