नजरिया न्यूज़,
भरगामा /अररिया। भरगामा प्रखंड की सिरसिया-हनुमानगंज पंचायत में मंगलवार को आयोजित पंचायत स्तरीय सहयोग शिविर में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। शिविर की अध्यक्षता मुखिया उर्मिला देवी एवं मुखिया प्रतिनिधि कुलदीप यादव ने की। अनपढ़ आवेदकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई, जहां कर्मियों ने आवेदन लिखने में सहयोग किया।
शिविर में आवास योजना, राशन कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मनरेगा, बिजली, नल-जल, स्वास्थ्य, पशुपालन और भूमि विवाद समेत विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
सबसे अधिक 17 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित मिले, जिनमें कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया। अन्य मामलों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन अधिकारियों ने दिया।
बीडीओ केशव कुमार राय ने कहा कि ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को प्रखंड कार्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ता और समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान हो जाता है। शिविर में अंचलाधिकारी पूजा कुमारी, मनरेगा पीओ प्रशांत कुमार राय, चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुनील कुमार, थानाध्यक्ष राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।






















