नजरिया न्यूज़, भरगामा/अररिया।
भरगामा प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि गुड्डू यादव ने कहा कि बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा स्मार्ट पीडीएस पोर्टल के माध्यम से नए राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने प्रखंड क्षेत्र के सभी पात्र परिवारों से अपील की कि जिनके पास अब तक राशन कार्ड नहीं है, वे जल्द आवेदन कर सरकार की खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ उठाएं।
उन्होंने बताया कि आवेदन के लिए जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, आवेदक के हस्ताक्षर, परिवार का सामूहिक फोटो, बैंक पासबुक की छायाप्रति, परिवार के सभी सदस्यों का आधार कार्ड तथा एक सक्रिय मोबाइल नंबर आवश्यक है। सभी दस्तावेज पहले से तैयार रखने पर आवेदन प्रक्रिया सरल होगी।
गुड्डू यादव ने कहा कि कई जरूरतमंद परिवार जानकारी के अभाव में राशन कार्ड से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जागरूक नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे इस महत्वपूर्ण सूचना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने ग्रामीणों से समय रहते ऑनलाइन आवेदन करने तथा किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए संबंधित जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेता, प्रखंड आपूर्ति कार्यालय या कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) से संपर्क करने की अपील की।






















