नजरिया न्यूज़, जोकीहाट /अररिया।
ऑपरेशन प्रहार के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान जोकीहाट थाना पुलिस ने 100 ग्राम स्मैक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को जोकीहाट थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि सिंगार मोहनी घाट के समीप वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान अपाची मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा।संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा किया और मटियारी गांव के पास उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 100 ग्राम स्मैक बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोकीहाट थाना क्षेत्र के दर्शना वार्ड संख्या-11 निवासी अतिसा उर्फ आसिफ पिता अब्दुल रहमान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अपाची मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा स्मैक बरामद किया है।एसडीपीओ ने बताया कि इस संबंध में जोकीहाट थाना कांड संख्या 305/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई एसआई इम्तियाज खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






















