नजरिया न्यूज़,
अररिया। गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज, अररिया के सभागार में सोमवार को ‘आर्ट ऑफ विनिंग स्ट्रेस’ विषय पर प्रेरणादायी सेमिनार का आयोजन किया गया। प्राचार्य के निर्देश पर सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 200 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में मुजफ्फरपुर से आए बीके अरविंद भाई ने वर्तमान समय में विद्यार्थियों के जीवन में बढ़ते मानसिक तनाव, पढ़ाई के दबाव तथा मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म की बढ़ती लत पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बाहरी परिस्थितियों से घबराने के बजाय अपने विचारों और आंतरिक शक्ति को मजबूत बनाकर तनाव पर विजय पाई जा सकती है। साथ ही छात्रों को स्क्रीन टाइम संतुलित रखने और जीवन में सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कई प्रेरक सफलता की कहानियां भी साझा कीं।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज अररिया की प्रभारी राजयोगिनी उर्मिला बहन ने राजयोग मेडिटेशन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह विद्यार्थियों की एकाग्रता बढ़ाने, लक्ष्य निर्धारित करने और अध्ययन में बेहतर प्रदर्शन करने में सहायक है। उन्होंने छात्रों को राजयोग का व्यावहारिक अनुभव भी कराया।
सेमिनार के सफल आयोजन में प्राचार्य डॉ. ठाकुर संजय कुमार, व्याख्याता टिंकू अली, डॉ. परमेन्द्र मिश्रा, डॉ. शैलेश मिश्रा तथा बीके संजय भाई का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत में म्यूजिकल एक्टिविटी के माध्यम से विद्यार्थियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार किया गया।






















