नजरिया न्यूज़, पलासी /अररिया।
पलासी प्रखंड के चहटपुर पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। शिविर की अध्यक्षता बीडीओ आदित्य प्रकाश ने की। इस अवसर पर अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह, थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, बीपीआरओ अखिलेश कुमार, एमओ कुमुद सिंह तथा मुखिया रूबी शोएब सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
शिविर में स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, मनरेगा, आयुष्मान भारत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, थाना, आंगनबाड़ी सहित विभिन्न विभागों के काउंटर लगाए गए, जहां ग्रामीणों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। अधिकारियों ने समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
वरीय उपसमाहर्ता एस. प्रतीक ने कहा कि सभी शिकायतों का क्रमवार निष्पादन किया जाएगा और पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। बीडीओ आदित्य प्रकाश ने बताया कि सरकार की 44 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना इस अभियान का उद्देश्य है। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी से उनकी समस्याओं का समाधान आसान हुआ है।






















