नजरिया न्यूज़, सिकटी/अररिया।
सिकटी प्रखंड क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरदाहा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपर थानाध्यक्ष लक्ष्मण पासवान के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को 48.45 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रानीपुल की ओर से एक युवक बाइक से स्मैक लेकर पलासी की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर लक्ष्मी चौक के समीप वाहन जांच अभियान तेज किया गया। इसी दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान धुमगढ़ वार्ड-07 निवासी 31 वर्षीय राज कुमार साह के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से प्लास्टिक में रखा 48.45 ग्राम स्मैक बरामद हुआ, जिसकी पुष्टि डीडी किट से हुई। थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।






















