नजरिया न्यूज़, नरपतगंज/अररिया।
बिहार सरकार की ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ योजना के तहत मंगलवार को नरपतगंज प्रखंड की नवाबगंज पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता मुखिया सरिता देवी ने की, जबकि जिला पंचायती राज पदाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।
शिविर में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजित कुमार ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया, वहीं अंचल पदाधिकारी संजीव कुमार राजस्व मामलों के आवेदन प्राप्त कर उनके निस्तारण की प्रक्रिया में जुटे रहे।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भूमि, दाखिल-खारिज, परिमार्जन, पेंशन, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री आवास, मनरेगा, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सहित विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन जमा किए।
जिला पंचायती राज पदाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शिविर का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने सभी विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में सबसे अधिक आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुए। हालांकि, शिक्षा विभाग का स्टॉल नहीं दिखा, जबकि कल्याण विभाग का स्टॉल तो लगा था, लेकिन वहां कोई कर्मी मौजूद नहीं था। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






















