नजरिया न्यूज़, इस्लामपुर,जोगबनी/अररिया। राकेश कुमार।
जोगबनी के इस्लामपुर में रविवार को मानव सेवा की एक सराहनीय मिसाल देखने को मिली। वार्ड पार्षद निशार के आवास पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 300 बच्चों का मुफ्त इलाज किया गया तथा जरूरतमंद बच्चों के बीच निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
शिविर में तरफदार क्लिनिक के अनुभवी चिकित्सक डॉ. रमेश महतो ने डॉ. सैकत तरफदार के मार्गदर्शन में सुबह से शाम तक बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने अपने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया और चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।
शिविर के दौरान बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और संतुलित आहार के प्रति भी अभिभावकों को जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और बीमारी के शुरुआती लक्षणों को गंभीरता से लेने की सलाह दी।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए बेहद लाभदायक हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।
शिविर को सफल बनाने में वार्ड पार्षद निशार, समाजसेवी मुर्शिद, डॉ. मइयुद्दीन, डॉ. कौसर, तरफदार क्लिनिक के स्टाफ एमडी मुस्ताक आलम, वार्ड पार्षद प्रेम जी, रोहन जी एवं राजा जी सहित अन्य लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।






















