नजरिया न्यूज़, भरगामा/अररिया।
भरगामा प्रखंड के रघुनाथपुर उत्तर पंचायत अंतर्गत दुमहान घाट वार्ड संख्या-6 स्थित पुल के दोनों ओर अप्रोच पथ पर लगातार बारिश के कारण रेनकट होने से बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे पुल से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो पुल की सुरक्षा और अस्तित्व पर भी संकट गहरा सकता है।
समस्या से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को पुल के समीप प्रदर्शन कर प्रशासन के प्रति आक्रोश जताया और अप्रोच पथ की तत्काल मरम्मत की मांग की।
प्रदर्शन में रघुनाथपुर उत्तर पंचायत के उपमुखिया रामबहादुर ठाकुर सहित ललन यादव, सुशील यादव, वासुदेव यादव और विनोद यादव शामिल रहे।
ग्रामीणों ने बताया कि बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से खतरा और बढ़ जाता है। रात के समय आवागमन करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अविलंब गड्ढों की भराई कर अप्रोच पथ को दुरुस्त कराने की मांग की।






















