नजरिया न्यूज़, जोगबनी/अररिया।
जागरण कल्याण भारती, फारबिसगंज, जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रेन, रेल जिला पुलिस कटिहार तथा जोगबनी रेल थाना के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को जोगबनी रेलवे स्टेशन परिसर में मानव तस्करी, बाल श्रम एवं बाल विवाह के विरुद्ध विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।
यह अभियान जोगबनी रेल थानाध्यक्ष के नेतृत्व में अपर पुलिस महानिदेशक, बिहार, पटना द्वारा संचालित “नया सवेरा 3.0” कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य अररिया जिले को बाल श्रम मुक्त एवं बाल मानव तस्करी मुक्त बनाना है।
अभियान के दौरान यात्रियों, स्थानीय लोगों, दुकानदारों एवं रेलवे स्टेशन पर मौजूद लोगों को मानव तस्करी, बाल श्रम और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया। लोगों को बताया गया कि बच्चों के अधिकारों की रक्षा करना समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर लोगों से अपील की गई कि यदि कहीं भी किसी बच्चे से बाल श्रम कराया जा रहा हो, मानव तस्करी की आशंका हो या बाल विवाह जैसी घटना की जानकारी मिले, तो इसकी सूचना तत्काल 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) अथवा 112 (आपातकालीन सेवा) पर दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।






















