संजय कुमार, संवाददाता, पलासी अररिया
पलासी प्रखंड अंतर्गत चहटपुर पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे।शिविर की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी बीडीओ आदित्य प्रकाश ने की।इस दौरान अंचलाधिकारी अंशु कुमार सिंह,थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, बीपीआरओ अखिलेश कुमार, एमओ कुमुद सिंह, तथा पंचायत की मुखिया रूबी शोएब सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।सहयोग शिविर में स्वास्थ्य, बिजली, कृषि, मनरेगा, मत्स्य, आयुष्मान भारत, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना, थाना तथा आंगनबाड़ी सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे, जहां लोगों ने अपनी समस्याएं दर्ज कराईं।पूर्व से व्यापक प्रचार-प्रसार किए जाने के कारण शिविर में सुबह से ही ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अधिकारियों ने एक-एक कर लोगों की शिकायतें सुनीं तथा संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।वरीय उपसमाहर्ता एस. प्रतीक ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का क्रमवार निष्पादन किया जाएगा तथा सरकारी योजनाओं से वंचित पात्र लाभुकों को हरसंभव लाभ दिलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रत्येक पंचायत में हर माह के पहले एवं अंतिम मंगलवार को सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े।बीडीओ आदित्य प्रकाश ने कहा कि सरकार की लगभग 44 जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही इस अभियान का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान का प्रभावी माध्यम बनेगा।
शिविर में आए ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी से उनकी समस्याओं का समाधान आसान हुआ है। कई लोगों के आवेदन मौके पर ही स्वीकार किए गए, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन का भरोसा अधिकारियों ने दिया।सहयोग शिविर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित माहौल में संपन्न हुआ तथा बड़ी संख्या में लोगों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उसका लाभ उठाने के लिए आवेदन भी दिए। अधिकारियों ने लोगों से आगामी शिविरों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।





















