नजरिया न्यूज़,
जोकीहाट /अररिया।
महलगांव थाना पुलिस द्वारा मानव तस्करी और बाल सुरक्षा को लेकर यूएचएस महलगांव विद्यालय में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को मानव तस्करी के खतरों, इसके विभिन्न तरीकों और इससे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में महलगांव थाना की एसआई रोमा कुमारी एवं एसआई सुमित कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि मानव तस्कर अक्सर नौकरी, शादी, पढ़ाई या बेहतर भविष्य का झांसा देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने छात्रों को किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में नहीं आने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही मानव तस्करी जैसी गंभीर सामाजिक समस्या से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है। छात्रों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क रहने की भी जानकारी दी गई।
इस दौरान अधिकारियों ने आपातकालीन स्थिति में सहायता के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी साझा की। छात्रों को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा आपातकालीन सेवा 112 के बारे में बताया गया और जरूरत पड़ने पर इन नंबरों का उपयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। उपस्थित छात्रों ने मानव तस्करी से जुड़े विभिन्न सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने विस्तार से जवाब दिया। अंत में पुलिस ने सभी से समाज में जागरूकता फैलाने और बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने का आह्वान किया।





















