नजरिया न्यूज़,
जोकीहाट/अररिया।
सीमांचल युवा संगठन, जोकीहाट के बैनर तले सोमवार को “जागो सीमांचल” पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य सीमांचल क्षेत्र में शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और पारदर्शिता के मुद्दों को लेकर लोगों को जागरूक करना था। इस दौरान बड़ी संख्या में युवाओं, छात्रों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
पदयात्रा किसान कॉलेज, जोकीहाट से शुरू होकर पनाली चौक, धनपुरा मोड़, शिवम रेस्टोरेंट होते हुए हाई स्कूल परिसर तक पहुंची। मार्च के दौरान प्रतिभागियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और सरकारी व्यवस्थाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। युवाओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर क्षेत्र के लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया।
इस दौरान “पेपर लीक बंद करो”, “धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो”, “शिक्षा बचाओ” और “जागो सीमांचल” के नारे गूंजते रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जिससे युवाओं में निराशा बढ़ रही है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने की मांग की।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने लद्दाख के प्रसिद्ध शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के आंदोलन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा, युवाओं के अधिकार और जनहित के मुद्दों पर देशभर में जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है। पदयात्रा के माध्यम से युवाओं ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को रखते हुए समाज को जागरूक करने का संदेश दिया।
आयोजकों ने कहा कि सीमांचल के विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आगे भी इस तरह के जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।इस पदयात्रा में मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद शकूर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।





















