नजरिया न्यूज़,
भरगामा/अररिया।
भरगामा प्रखंड क्षेत्र के धनेश्वरी विकास भवन से बिसहरिया पंचायत के मझौआ गांव जाने वाली मुख्य सड़क बदहाल स्थिति में पहुंच गई है। जबकि यह मुख्य सड़क भरगामा प्रखंड मुख्यालय से जुड़ती है तो दूसरी तरफ सुपौल मधेपुरा पूर्णिया जिला से भी जुड़ती है। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर जलजमाव और कीचड़ के कारण दोपहिया वाहन लेकर निकलना जोखिम भरा हो गया है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। तस्वीर में भी सड़क पर जलभराव के बीच बाइक सवारों को सावधानीपूर्वक गुजरते देखा जा सकता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क कई गांवों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं होने के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से अविलंब सड़क की मरम्मत कराने और जलनिकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।





















