नजरिया न्यूज़
सिकटी/अररिया।
गुप्त सूचना मिलते ही सिकटी थाना पुलिस ने सैदाबाद कॉलोनी में रोहित पासवान के घर पर दबिश दी। घर के आंगन से एक-दो नहीं, बल्कि बोरी और बैग में छिपाकर रखी गई 1080 बोतल नेपाली शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने वहां खड़ी चार मोटरसाइकिलों की तलाशी ली, जिनकी सीट और डिक्की से भी शराब मिली। कार्रवाई यहीं नहीं रुकी। दूसरी सूचना पर पुलिस भट्ठा रोड पहुंची, जहां एक और मोटरसाइकिल और उसके साथ रखे बोरों से भारी मात्रा में शराब बरामद की गई। कुल मिलाकर 324 लीटर नेपाली शराब और पांच चोरी की मोटरसाइकिल जब्त की गई।
इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के बीच चर्चा तेज है कि पुलिस ने शराब तस्करी के बड़े नेटवर्क पर चोट की है।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले रोहित पासवान और परशुराम पासवान मौके से फरार हो गए। सिकटी थाना अध्यक्ष रौशन कुमार सिंह ने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जब्त शराब व वाहनों के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।सवाल यह है कि आखिर इस अवैध कारोबार के पीछे और कौन-कौन शामिल है? क्या पुलिस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर पाएगी? अब सबकी नजर अगली कार्रवाई पर टिकी है।





















