नजरिया न्यूज़
नरपतगंज/अररिया। भारत-नेपाल सीमा से सटे फुलकाहा थाना क्षेत्र में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 162 लीटर नेपाली शराब के साथ एक कथित मास्टरमाइंड तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त चोरी की अपाचे मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
थानाध्यक्ष विकास कुमार मौर्य ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार सुबह लक्ष्मीपुर सड़क स्थित शिव मंदिर के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान लक्ष्मीपुर वार्ड-11 निवासी नीरज कुमार यादव (20) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 540 बोतल नेपाली ‘दिलवाले’ शराब, जिसकी कुल मात्रा 162 लीटर है, बरामद हुई।
पुलिस जांच में जब्त अपाचे बाइक पर लगे BR-38-J-5084 नंबर की प्रारंभिक जांच में वाहन चोरी का होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने शराब, बाइक और आरोपी को जब्त कर उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजते हुए अररिया जेल भेज दिया गया।



















