- SSB 52वीं बटालियन और कुआरी थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से तस्करों में मचा हड़कंप।
नजरिया न्यूज़, कुआरी (अररिया) रंजन राज।
सोमवार अहले सुबह सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ SSB 52वीं बटालियन BOP कुआरी और कुआरी थाना पुलिस ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए 240 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई पूरी रात कड़ी मेहनत और काफी मशक्कत के बाद अंधेरे में की गई।
गुप्त सूचना के आधार पर SSB और कुआरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कुआरी पंचायत के कटफर स्थित भालूवा नदी के समीप पटूवा खेत में छापेमारी की। अंधेरे और दुर्गम इलाके में जवानों ने काफी देर तक सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद खेत से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया गया।
हालांकि, कार्रवाई के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर धान के खेतों के रास्ते फरार होने में सफल रहा। पुलिस और SSB जवानों की इस बड़ी कार्रवाई से सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।
कार्रवाई की जानकारी देते हुए कुआरी थाना अध्यक्ष राजू कुमार और SSB BOP कुआरी के SI (GD) सतेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त रूप से कार्रवाई की गई थी। पूरी रात कड़ी मेहनत और काफी मशक्कत के बाद 240 किलो गांजा बरामद किया गया। अंधेरे का लाभ उठाकर तस्कर फरार हो गया, जिसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में SSB के जवानों में खोजहिंदा,विनोद गिरी,दिनेश सिंह तोमर, इंदल,अरूपजीत मंडल,वसीम असलम सहित अन्य जवान शामिल थे।
वहीं कुआरी थाना पुलिस की ओर से थानाध्यक्ष राजू कुमार के नेतृत्व में चौकीदार अरुण पासवान, प्रमोद पासवान, नारायण ततमा, साजन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
SSB और कुआरी थाना पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को सीमावर्ती क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है। जवानों ने रातभर अंधेरे और कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाकर भारी मात्रा में गांजा बरामद कर अपनी कर्तव्यनिष्ठा और मुस्तैदी का परिचय दिया है।




















