
नजरिया न्यूज़, अररिया।
दानापुर से जोगबनी जाने वाली 26302 वंदे भारत एक्सप्रेस पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा पथराव किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना में ट्रेन की C4 बोगी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद अररिया कोर्ट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी एवं वंदे भारत ट्रेन के कर्मचारियों ने ट्रेन की जांच की।

जानकारी के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस दानापुर से अपने निर्धारित समय शाम 5:10 बजे रवाना हुई थी। यह ट्रेन मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा, दौराम मधेपुरा, पूर्णिया जंक्शन और अररिया कोर्ट होते हुए जोगबनी जाती है।
अररिया कोर्ट स्टेशन पर रात करीब 12:27 बजे ट्रेन के रुकने के दौरान जांच में पाया गया कि C4 कोच के शीशे पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने पत्थर मार दिया था, जिससे शीशे में दरार पड़ गई। हालांकि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। इस मामले को लेकर जब पूछना चाहा तो जीआरपी के साथ-साथ वंदे भारत कर्मी ने भी कुछ नहीं कहा।




















