नजरिया न्यूज़,
अररिया। जिले के आरएस थाना क्षेत्र अंतर्गत चनरदई चौक पर गुरुवार शाम करीब आठ बजे पुलिस ने नशीले कोडीन युक्त कफ सिरप की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक स्कॉर्पियो वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संदिग्ध युवक मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने पुलिस को गुप्त सूचना दी थी कि एक स्कॉर्पियो में भारी मात्रा में कोडीन युक्त कफ सिरप ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही आरएस थाना पुलिस महज दस मिनट के भीतर मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर मध्य प्रदेश नंबर MP53 C 0911 स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया।
पुलिस वाहन को जब्त कर थाने ले गई, जहां उसमें रखे कार्टनों और कफ सिरप की बोतलों की गिनती की जा रही है। आरएस थाना अध्यक्ष ने बताया कि बरामदगी की आधिकारिक संख्या गिनती पूरी होने के बाद जारी की जाएगी। साथ ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि प्रतिबंधित कफ सिरप की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी आपूर्ति किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी। पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।




















