नजरिया न्यूज़, संजय कुमार, संवाददाता पलासी अररिया।
पलासी प्रखंड क्षेत्र के चहटपुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13 स्थित श्रीपुर गांव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान उजेर आलम, पिता हशनेन आलम, निवासी श्रीपुर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उजेर आलम गुरुवार की शाम करीब 4 बजे श्रीपुर धार में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक लगातार खोजबीन की। काफी मशक्कत के बाद उसका शव धार से बाहर निकाला गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। उसकी असामयिक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को भी दी गई। पुलिस आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।





















