नजरिया न्यूज़,
भरगामा:अररिया। भरगामा प्रखंड की सिरसिया कला पंचायत के वार्ड संख्या-4 में ट्रैक्टर हादसे के बाद बुधवार को पूरे गांव में गम का माहौल रहा। धान रोपनी के लिए जा रहे मजदूरों से भरे ट्रैक्टर के पलटने से जान गंवाने वाली तीन महिला मजदूरों की एक साथ अंतिम यात्रा निकली तो गांव की आंखें नम हो गईं। चारों ओर चीख-पुकार और परिजनों के करुण विलाप ने हर किसी को भावुक कर दिया।
मृतकों में मीरा देवी, रंजू देवी और नैया देवी शामिल हैं। मीरा देवी की कोई संतान नहीं थी और उन्होंने अपनी भतीजी अलका को बेटी की तरह पाला था। वहीं रंजू देवी अपने चार मासूम बच्चों को छोड़ गईं, जबकि पहले से विधवा नैया देवी की मौत से उनका परिवार पूरी तरह बेसहारा हो गया।
हादसे में घायल 24 मजदूरों के परिवारों में भी मातम पसरा है। गंभीर रूप से घायल रेखा देवी का इलाज पूर्णिया जीएमसीएच में चल रहा है। आर्थिक तंगी के कारण उनके बेहतर इलाज में कठिनाई आ रही है। पंचायत की उपमुखिया गणीता देवी ने जिला प्रशासन से रेखा देवी के समुचित इलाज, आर्थिक सहायता तथा सभी घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को शीघ्र मुआवजा देने, घायलों के इलाज की जिम्मेदारी लेने और भविष्य में मजदूरों के सुरक्षित परिवहन की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।











