– नशे की लत से मुक्ति दिलाने का लिया संकल्प
नजरिया न्यूज़, भरगामा:अररिया।
भरगामा बाजार में लक्ष्मी रेखा नशा मुक्ति केंद्र का विधिवत उद्घाटन बुधवार को किया गया। केंद्र उद्घाटन पैकपार पंचायत के मुखिया धनंजय सिंह ‘भंटू’ एवं व्यवसायी संघ अध्यक्ष मिथिलेश सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि नशा समाज और परिवार दोनों के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है। इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे में नशा मुक्ति केंद्र की स्थापना क्षेत्र के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जहां नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार के साथ-साथ मानसिक और सामाजिक सहयोग भी मिलेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोटिवेशनल स्पीकर एवं एडिक्शन काउंसलर रनदीप देव ने कहा कि “नशा कोई आदत नहीं, बल्कि एक बीमारी है, जिसका समय पर उपचार और सही परामर्श से पूरी तरह इलाज संभव है।
परिवार का सहयोग, सकारात्मक माहौल और दृढ़ इच्छाशक्ति किसी भी व्यक्ति को नशे की गिरफ्त से बाहर निकाल सकती है। हमारा उद्देश्य केवल नशा छुड़ाना नहीं, बल्कि लोगों को सम्मानजनक और खुशहाल जीवन की मुख्यधारा से जोड़ना है।”
केंद्र प्रभारी सह संचालक गौतम आनंद ने कहा कि केंद्र में विशेषज्ञों की देखरेख में परामर्श, काउंसिलिंग, पुनर्वास एवं आवश्यक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि नशे के शिकार लोग सामान्य जीवन की ओर लौट सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यह केंद्र क्षेत्र में नशामुक्त समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उद्घाटन समारोह में पूर्व पैक्स अध्यक्ष सूरज प्रताप सिंह,सतीश सिंह,प्रो ज्योतिष सिंह,रणजीत यादव,सोनू कुमार,पूर्व उप मुखिया संतोष सिंह समेत कई गणमान्य लोग, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।





















