नजरिया न्यूज़,
भरगामा:अररिया। भरगामा प्रखंड के महथावा स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय एवं श्री दरबारी राय उच्च विद्यालय को जोड़ने वाला मुख्य पहुंच मार्ग इन दिनों जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। सड़क पर कई दिनों से पानी जमा रहने के कारण प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राओं को घुटनों तक पानी में होकर विद्यालय और महाविद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। इससे आवागमन जोखिम भरा हो गया है।
बारिश के बाद सड़क पूरी तरह जलमग्न हो जाने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिसके कारण कई छात्र-छात्राएं फिसलकर गिर चुके हैं और उन्हें चोट भी लगी है। छात्राओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पानी से होकर गुजरने के दौरान कपड़े भीग जाने और फिसलने की आशंका से उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। छात्रों का कहना है कि लगभग एक वर्ष पूर्व ही इस पहुंच पथ का निर्माण हुआ था, लेकिन सड़क पहले ही जर्जर हो चुकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों को जोड़ता है, फिर भी जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर वर्ष बरसात में यही स्थिति बन जाती है। छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब जलजमाव दूर कराने, सड़क की मरम्मत कराने तथा सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।





















