नजरिया न्यूज़,
भरगामा:अररिया। भरगामा प्रखंड के महथावा स्थित राजकीय डिग्री महाविद्यालय का बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विधिवत उद्घाटन किया गया।
उद्घाटन के साथ क्षेत्र में उच्च शिक्षा की नई उम्मीद जगी, लेकिन शिक्षकों की भारी कमी ने शुरुआत से ही व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महाविद्यालय में अब तक 109 छात्र-छात्राओं का नामांकन हो चुका है। यहां छह विषयों में पढ़ाई प्रस्तावित है, जबकि वर्तमान में प्राचार्य के अलावा केवल अर्थशास्त्र विषय के एक शिक्षक ही पदस्थापित हैं। खास बात यह है कि अर्थशास्त्र विषय में अभी तक एक भी छात्र का नामांकन नहीं हुआ है।
अन्य विषयों के विद्यार्थियों की पढ़ाई शिक्षक के अभाव में प्रभावित होने की आशंका है। स्थानीय लोगों और अभिभावकों ने सरकार व शिक्षा विभाग से सभी विषयों के शिक्षकों की शीघ्र नियुक्ति की मांग की है। उद्घाटन समारोह में बीडीओ शशि भूषण सुमन, प्राचार्य प्रो. वर्मा, डॉ. मेराज आलम सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















