– ग्रामीण छात्रों को मिलेगा उच्च शिक्षा का लाभ
नजरिया न्यूज़,जोकीहाट:अररिया।
जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत प्लस टू उमानाथ राय उच्च विद्यालय, उदाहाट परिसर में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, जोकीहाट का उद्घाटन बुधवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ऑनलाइन माध्यम से किया। मुख्यमंत्री ने राज्यभर के 211 नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का एक साथ वर्चुअल शुभारंभ किया।इस अवसर पर आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री के वर्चुअल संबोधन एवं उद्घाटन कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। समारोह में अररिया सांसद प्रदीप कुमार सिंह, स्थानीय विधायक, शिक्षा विभाग के वरीय पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।इस अवसर पर सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना जोकीहाट क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे क्षेत्र में उच्च शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध होंगे।सांसद ने बिहार सरकार के इस निर्णय की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में यह पहल युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि महाविद्यालय के संचालन से जोकीहाट एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा सुलभ हो सकेगी तथा क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी।महाविद्यालय के शुभारंभ को लेकर क्षेत्र के लोगों एवं विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया। स्थानीय लोगों ने इसे लंबे समय से चली आ रही मांग के पूरा होने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।





















