नजरिया न्यूज़, सिकटी :अररिया।
सिकटी प्रखंड अंतर्गत बरदाहा थाना शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बरदाहा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 6.600 लीटर नेपाली देसी शराब के साथ एक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिनेश गोस्वामी, उम्र 28 वर्ष, पिता भगवान गोस्वामी के रूप में हुई है। वह सातबेर गांव, वार्ड नंबर 07, थाना बरदाहा, जिला अररिया का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी शराब की तस्करी कर उसे आगे बेचने के लिए ले जा रहा था।बरदाहा थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नेपाली देसी शराब लेकर इलाके में बेचने के लिए आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इलाके में वाहन चेकिंग और संदिग्धों पर नजर रखनी शुरू की। इसी दौरान आरोपी को शराब के साथ पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 6.600 लीटर नेपाली देसी शराब बरामद की गई।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मद्य निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद शराब को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में आरोपी से शराब लाने और ले जाने के नेटवर्क के बारे में भी जानकारी ली जा रही है।थाना प्रभारी मिथलेश सिंह ने कहा कि जिले में शराब तस्करी और बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाई गई है। इसको लेकर लगातार छापेमारी और गश्ती की जा रही है।





















