नजरिया न्यूज़,
सिकटी: अररिया। सिकटी प्रखंड के लिए सोमवार का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ। बिहार सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत स्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय, सिकटी (पूर्णिया विश्वविद्यालय की अंगीभूत इकाई) में विधिवत पठन-पाठन का शुभारंभ किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रिमोट के माध्यम से डिग्री महाविद्यालय-विहीन प्रखंडों में स्थापित 211 नए राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का उद्घाटन किया।
सिकटी महाविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी बलवीर दास, बीडीओ परवेज आलम, उप प्रमुख लखीचंद प्रमाणिक एवं मुखिया प्रतिनिधि नारायण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित व फीता काटकर किया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि महाविद्यालय शुरू होने से अब क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे सीमावर्ती एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को अपने प्रखंड में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का अवसर मिलेगा। समारोह में अंचल पदाधिकारी मनीष सिंह, प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. अशोक पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षक व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















