नजरिया न्यूज़,
अररिया। शराब की खरीद-बिक्री और सेवन की सूचना पर पुलिस द्वारा की गई छापेमारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला कर दिया गया। इस घटना में दो पुलिस जवान घायल हो गए, जबकि पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बैजनाथपुर वार्ड संख्या-06 निवासी राजू पासवान, दिलीप पासवान (पिता- तेतर पासवान) तथा सौरभ पासवान के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि शराब की खरीद-बिक्री और शराब पीने की गुप्त सूचना मिलने पर टीम छापेमारी के लिए पहुंची थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध करते हुए हमला कर दिया, जिससे दो जवान जख्मी हो गए और सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचा।
इस मामले में पुलिस ने 5 नामजद एवं 15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, हमला करने, सरकारी संपत्ति को क्षति पहुंचाने तथा अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।





















