नजरिया न्यूज़,
कुआरी :अररिया। भारत-नेपाल सीमा के कुआरी-मेघा क्षेत्र में नेपाल से पुरानी चाइनीज बैटरियों की ढुलाई का सिलसिला लगातार जारी रहने की चर्चा है। स्थानीय लोगों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि मजदूरों के माध्यम से पुरानी चाइनीज बैटरियों को साइकिलों पर लादकर सीमावर्ती पगडंडियों, खेतों के रास्तों और नदी किनारे के मार्गों से भारत लाया जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कार्य कई दिनों से चल रहा है और बैटरियों को सीमा पार कर भारत के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाया जाता है। लोगों के अनुसार, मजदूर केवल ढुलाई का काम करते हैं, जबकि इसके पीछे सक्रिय लोगों तक यह सामान पहुंचाया जाता है।
ग्रामीणों ने इस तरह की गतिविधियों पर चिंता जताते हुए कहा कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती के बावजूद बैटरियों की आवाजाही जारी रहने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने सीमा क्षेत्र में निगरानी और गश्त बढ़ाने की मांग की है तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
सीमावर्ती क्षेत्र से सामने आई तस्वीरों के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि सीमा पर निगरानी और सख्ती बढ़ाकर इस तरह की गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए।





















