नजरिया न्यूज़,
अररिया। जिले में मंगलवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में इलाज के लिए अपने बीमार बेटे को बाइक से अररिया ला रहे एक पिता की मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा बैरगाछी चेक पोस्ट के समीप उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में साइड से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान महलगांव थाना क्षेत्र के चौकता गांव निवासी नबी हसन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नबी हसन अपने बीमार पुत्र को इलाज के लिए बाइक से अररिया लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बैरगाछी चेक पोस्ट के पास दूसरी बाइक की टक्कर से दोनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद नबी हसन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके घायल पुत्र का इलाज अस्पताल में जारी है। सूचना मिलने पर यातायात थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही चौकता पंचायत के मुखिया रजी अहमद तथा पूर्व मुखिया सालिक अनवर सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। मुखिया रजी अहमद ने कहा कि बैरगाछी से जीरो माइल तक यातायात व्यवस्था बदहाल रहने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा मृतक के आश्रितों को सरकारी मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की।
इस हृदयविदारक घटना के बाद चौकता गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि ग्रामीणों ने भी प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।






















