कुर्साकांटा (अररिया)।
कुर्साकांटा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के खिलाफ अभियान में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, अलग-अलग मामलों में फरार चल रहे दो न्यायालय वारंटियों को भी उनके घर से गिरफ्तार किया गया।
थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि पुलिस ने बाबाजी अखाड़ा निवासी सुनील कुमार हंसदा, पिता बाबूचंद हंसदा, के घर छापेमारी की। तलाशी के दौरान उसके घर से करीब 13 लीटर देसी चुलाई शराब बरामद की गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए न्यायिक हिरासत भेजा गया।
इसके अलावा, न्यायालय से निर्गत गैर-जमानती वारंट (NBW) के आलोक में पुलिस ने मैदानपुर वार्ड संख्या-05 निवासी अजय कुमार यादव एवं नन्द किशोर यादव, दोनों स्वर्गीय बैद्यनाथ यादव के पुत्र, को उनके घर से गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध जीआर संख्या-2888/20 लंबित है। गिरफ्तारी के बाद दोनों वारंटियों को भी अग्रिम कार्रवाई हेतु माननीय न्यायालय, अररिया में उपस्थापन के लिए भेजा जा रहा है।
थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है और ऐसे अभियानों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।






















