- जरूरतमंदों को कोर्ट, कागजात और कानूनी सलाह में होगी पूरी मदद
नजरिया न्यूज़,अररिया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार अररिया के तत्वावधान में जिले के आम नागरिकों को त्वरित एवं मुफ्त कानूनी सहायता उपलब्ध कराने हेतु सदर अस्पताल अररिया में मनो न्याय कानूनी सहायता क्लिनिक के संचालन का उद्घाटन किया गया।
यह उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायधीश गुंजन पाण्डेय ने की।
इस उद्घाटन सत्र के मौके पर सीजेएम अमरेन्द्र प्रसाद व एसीजेएम सह डीएलएसए सेक्रेटरी रोहित श्रीवास्तव सहित सदर अस्पताल अररिया के पदाधिकारी गण मौजद दिखे।
जिला जज गुंजन पाण्डे ने बतलाया कि इस विधिक सहायता केन्द्र के स्थापना का उद्येश्य मुख्यतः बौद्धिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों को मुफ्त कानूनी सहायता प्रदान करना है।
जिला जज गुंजन पाण्डेय के हवाले से डीएलएसए सेक्रेटरी रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि इस क्लिनिक को खोलने का मुख्य उद्देश्य मानसिक रूप से विक्षिप्त समाज के कमजोर, गरीब, महिला, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांग एवं SC/ST वर्ग के लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना एवं उन्हें बिना किसी खर्च के विधिक सहायता उपलब्ध कराना है।
बताया गया कि इस क्लिनिक में डीएलएसए की ओर से कई सुविधाएं प्रधान की जानी है। यहां मुफ्त कानूनी सलाह पैनल अधिवक्ताओं सहित प्रतिनियुक्त पीएलवी विनय कुमार ठाकुर के द्वारा दी जाएगी। सदर अस्पताल आने वाले व्यक्तियों को बतलाया जाएगा कि कोर्ट केस एवं दस्तावेजों जैसे एफआईआर, मुआवजा, पेंशन, राशन कार्ड, जमीन विवाद आदि को किस प्रकार से प्राप्त किया जा सकता है अथवा कैसे सहायता लेनी है।
वही, कानूनी जागरूकता के तहत अपने अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलना साथ ही सुलह एवं मध्यस्थता के लिए आपसी विवादों का सौहार्दपूर्ण निपटारा से संबंधित जानकारी मिलना है।
मनोविज्ञान शुभम कुमार ने बताया कि इस योजना के जरिए से महिलाएं, बच्चे, अनुसूचित जाति/जनजाति, वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम वाले व्यक्ति, दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिक, भूतपूर्व सैनिक, प्राकृतिक आपदा पीड़ित एवं हिरासत में बंद व्यक्ति इस योजना के तहत पूर्णतः निःशुल्क विधिक सेवा प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर अधिवक्ता सह ट्रेंड मेडिएटर विनीत प्रकाश, अधिवक्ता शुभम कुमार, डीएलएसए कर्मी शेखर कुमार, उमर फारूक, कमलेश कुमार सिंह, अधिकार मित्र कुमोद कुमार पासवान, विनय कुमार ठाकुर, विकास कुमार सिंह आदि मौजूद दिखे।





















