नजरिया न्यूज़,
अररिया। विकाश प्रकाश। वर्षों से लंबित अररिया बस स्टैंड निर्माण की दिशा में अब सकारात्मक पहल होती दिख रही है। नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से पटना स्थित उनके कार्यालय में अररिया नगर परिषद के मुख्य पार्षद विजय कुमार मिश्रा ने मुलाकात कर शहर के विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने नए बस स्टैंड के लिए भूमि उपलब्ध कराने तथा वार्ड संख्या-09 में सड़क-सह-नाला निर्माण योजना को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। मंत्री ने दोनों प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए 15 दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई शुरू कराने का आश्वासन दिया।
मुख्य पार्षद ने बताया कि नगर परिषद क्षेत्र में नए बस स्टैंड के निर्माण के लिए तीन एकड़ भूमि की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को पिछले वर्ष जिला स्तरीय 20 सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति की बैठक में भी उठाया गया था।
इसके बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने प्रखंड कार्यालय के समीप कृषि विभाग की तीन एकड़ भूमि उपलब्ध कराने के लिए अंचलाधिकारी को पत्र भेजा था, लेकिन अब तक अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) जारी नहीं होने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी। उन्होंने मंत्री से इस मामले में विशेष पहल कर भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।
मुख्य पार्षद ने कहा कि प्रस्तावित सड़क-सह-नाला निर्माण योजना से वार्ड संख्या-09 के लोगों को जर्जर सड़क और जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं, नए बस स्टैंड के निर्माण से जिले के भीतर और बाहर आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर एवं व्यवस्थित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। मंत्री के आश्वासन के बाद शहरवासियों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से लंबित दोनों विकास योजनाओं पर अब जल्द ही ठोस प्रगति देखने को मिलेगी।





















