संजय कुमार, संवाददाता, पलासी अररिया
पलासी थाना क्षेत्र के सक्सेना पंचायत के वार्ड संख्या 10 बाघमारा गांव निवासी बीबी नाहिदा प्रवीण ने अपने पति एवं सास पर मारपीट, गाली-गलौज और घर से निकाल देने का आरोप लगाते हुए पलासी थाना में लिखित आवेदन दिया है।दिए गए आवेदन में पीड़िता ने बताया कि 7 जुलाई को करीब 12 बजे दिन में उसके पति अब्दुल वाजीद उससे रसुई से कच्चा आम मांगने लगे। और वही किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विरोध करने पर पति ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद पति अब्दुल वाजीद तथा सास बीबी शकील ने मिलकर उसके साथ लाठी और हाथ-मुक्के से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे खेत में ले जाकर छोड़ दिया गया।आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उसके पति ने दूसरी शादी कर ली है तथा अक्सर उसे जान से मारने और घर से भगा देने की धमकी देते हैं। पीड़िता ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उसे न्यायालय से भरण-पोषण (विदागरी) का आदेश मिला था, इसके बावजूद उसके साथ मारपीट कर घर से निकाल दिया गया।
घटना के बाद मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए। पीड़िता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।इस संबंध में पलासी थाना पुलिस ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।




















