परिजनों ने लगाया काम के दौरान बिजली सप्लाई चालू करने का आरोप, विभाग ने जांच के दिए आदेश
सहरसा।
शहर के कचहरी ढाला के समीप मंगलवार सुबह मेंटेनेंस कार्य के दौरान 40 फीट ऊंचे बिजली के खंभे से गिरकर एक संविदा बिजली मिस्त्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान नगर निगम के सरस्वती नगर वार्ड संख्या-2 निवासी उमेश यादव के 40 वर्षीय पुत्र संतोष यादव के रूप में हुई है। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार संतोष यादव पिछले तीन वर्षों से बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत है। हाल ही में जुलाई माह के लिए उसकी संविदा का नवीनीकरण किया गया था। मंगलवार सुबह वह कलेक्ट्रेट फीडर में मेंटेनेंस कार्य के लिए कचहरी ढाला के पास करीब 40 फीट ऊंचे बिजली के खंभे पर चढ़ा था। इसी दौरान वह बिजली की चपेट में आ गया, जिससे उसके दोनों हाथ झुलस गए और संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसके दोनों हाथों और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। परिजनों का आरोप है कि मेंटेनेंस कार्य के लिए शटडाउन लिया गया था, लेकिन काम के दौरान ही बिजली सप्लाई चालू कर दी गई, जिससे संतोष करंट की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। इधर, बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। वहीं, विद्युत कार्यपालक अभियंता अमित कुमार ने बताया कि घटना की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





















