नजरिया न्यूज़,सिमराहा/अररिया। अली हसन।सिमराहा थाना क्षेत्र के पोठिया वार्ड संख्या-15 में घर में घुसकर मारपीट, जान से मारने की कोशिश और जेवर छीनने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में पीड़िता जुमनी खातून ने सिमराहा थाना में आवेदन देकर आठ लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, करीब सात दिन पहले उनकी बहन अफसाना खातून को उसके पति द्वारा मारपीट कर घर से निकाल दिया गया था, जिसके बाद वह अपनी बहन जुमनी के घर पोठिया में रह रही थी। आरोप है कि छह जुलाई की दोपहर करीब तीन बजे अफसाना का पति मोहम्मद कलीम अपने परिजनों के साथ जुमनी के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर सभी आरोपितों ने घर में घुसकर जुमनी के साथ मारपीट शुरू कर दी।
शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे जुमनी के पति कलाम और बहन अफसाना के साथ भी आरोपितों ने मारपीट की। आवेदन में कहा गया है कि मोहम्मद कलीम ने लाठी से कलाम के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनका सिर फट गया और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। वहीं, अफसाना को जमीन पर पटककर उसका गला दबाने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उसके गले से करीब 10 भरी चांदी का हार तथा अफसाना के पैर से आठ भर चांदी की पायल जबरन छीन ली गई।
घटना के दौरान शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते-जाते आरोपितों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को अनुमंडल अस्पताल फारबिसगंज ले जाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया। पीड़िता ने सिमराहा थाना में आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।






















