नजरिया न्यूज़, अररिया: जिले के ताराबाड़ी थाना क्षेत्र स्थित मध्य विद्यालय बटुरबाड़ी बालक में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब 30 से 40 लोगों की भीड़ विद्यालय परिसर में घुस गई। आरोप है कि भीड़ ने विद्यालय में जमकर हंगामा किया, सहायक शिक्षक इकरामुद्दीन के साथ मारपीट की, उन्हें जबरन बंधक बनाकर अपने साथ ले गई तथा विद्यालय की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान स्कूल में पढ़ाई-लिखाई पूरी तरह प्रभावित रही और शिक्षक व छात्र-छात्राओं में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही ताराबाड़ी थाना पुलिस सक्रिय हुई और जुम्मन चौक पहुंचकर भीड़ के कब्जे से शिक्षक इकरामुद्दीन को सुरक्षित मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना के संबंध में विद्यालय के प्रधानाध्यापक मोहम्मद आलम ने आठ नामजद लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने विद्यालय का कंप्यूटर तोड़ दिया, महत्वपूर्ण रजिस्टर अपने साथ ले गए, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया तथा शैक्षणिक कार्य में बाधा उत्पन्न की।
कपनिक फोटो
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुछ दिन पहले क्षेत्र में हुई एक कथित चोरी के मामले को लेकर पंचायत हुई थी। जिस युवक पर चोरी का आरोप लगाया गया था, वह शिक्षक का रिश्तेदार बताया जा रहा है। आरोप है कि पंचायत के निर्णय को लेकर चल रहे विवाद के कारण ही यह घटना हुई। हालांकि, चोरी और पंचायत से जुड़े आरोपों की अभी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा प्राथमिकी में नामजद आरोपितों की भूमिका की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






















