नजरिया न्यूज़,
अररिया। विकाश प्रकाश।अररिया आर.एस. थाना कांड संख्या 149/2026 में दर्ज हत्या के मामले में पुलिस द्वारा एक नामजद आरोपी को छोड़ दिए जाने तथा दूसरे आरोपी की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने का आरोप लगाते हुए मृतक के भाई ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
आवेदनकर्ता अनायतुल्लाह ने बताया कि वह उक्त कांड का सूचक है। उसके भाई की हत्या के मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(2)/3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज है। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि नामजद आरोपी उस्मान को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया, जबकि दूसरे नामजद आरोपी आरिफ की अब तक गिरफ्तारी नहीं की गई है।
आवेदन में कहा गया है कि यदि किसी एक आरोपी ने अन्य लोगों की संलिप्तता से इनकार किया है, तो केवल उसी के बयान के आधार पर अन्य नामजद आरोपियों को क्लीन चिट देना उचित नहीं होगा। मामले की जांच प्रत्यक्ष, परिस्थितिजन्य एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर की जानी चाहिए।
अनायतुल्लाह ने दावा किया है कि हत्या में प्रयुक्त हथियार पुलिस ने बरामद कर लिया है। उन्होंने हथियार की एफएसएल, फिंगरप्रिंट एवं डीएनए जांच कराने की मांग की है, ताकि सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना से लगभग 10 मिनट पहले आरोपी उस्मान ने बिजली पोल से स्विच काटकर इलाके की बिजली बाधित कर दी थी। साथ ही उसका आपराधिक इतिहास होने और कुछ माह पूर्व जेल से छूटने का भी उल्लेख किया गया है।
आवेदनकर्ता का यह भी दावा है कि उसने उस्मान सहित दो अन्य नामजद आरोपियों को घटना के बाद भागते हुए देखा था। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से आरोपी उस्मान को किन आधारों पर छोड़ा गया, इसकी समीक्षा कराने, फरार आरोपी आरिफ की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा सभी नामजद आरोपियों से गहन पूछताछ कर निष्पक्ष जांच के बाद दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।
(नोट: उपरोक्त आरोप आवेदनकर्ता द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए आवेदन में लगाए गए हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस का आधिकारिक पक्ष आना शेष है।)






















