नजरिया न्यूज़, अररिया। अररिया पुलिस के आधिकारिक फेसबुक पेज पर साझा की गई जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित अररिया दौरे को लेकर पुलिस केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष ब्रीफिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर प्रतिनियुक्त किए जाने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान वीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।
अररिया पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।






















