नजरिया न्यूज़
जोकीहाट:अररिया। अल्लामा ग़ज़ाली।
जोकीहाट थाना क्षेत्र के गैरकी मसुरिया पंचायत के गोगरा गांव में रविवार को एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने पति पर मारपीट कर हत्या करने तथा साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को गांव से कुछ दूरी पर बांस की झाड़ी में फंदे से लटका देने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई।सूचना पर पहुंची जोकीहाट थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, अररिया भेज दिया। मृतका की पहचान गोगरा गांव निवासी मोहम्मद अब्दुल की करीब 25 वर्षीय पत्नी तैयबा खातून के रूप में हुई है।परिजनों ने बताया कि तैयबा की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व अब्दुल से हुई थी। दोनों को एक पुत्र है।
आरोप है कि अब्दुल का दूसरी महिला से प्रेम-प्रसंग था और उसने उससे भी शादी कर ली थी। वह दूसरी पत्नी को घर लाना चाहता था, जिसका तैयबा विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।मायके पक्ष का आरोप है कि रविवार को अब्दुल ने पहले तैयबा के साथ मारपीट की, फिर उसकी हत्या कर दी और घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को बांस की झाड़ी में फंदे से लटका दिया। घटना के बाद आरोपित घर में ताला लगाकर फरार हो गया।
इधर, पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। परिजनों के आरोपों के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी।






















