नजरिया न्यूज़, जोकीहाट/अररिया। अल्लामा ग़ज़ाली।
जोकीहाट थाना क्षेत्र के काकन मटियारी पीडब्ल्यूडी सड़क स्थित बगडहरा के पास सोमवार को सीमेंट और बालू से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर हाजी तलत महमूद के पोखर में पलट गया। हादसे में चालक और ट्रैक्टर पर सवार मजदूर ने पानी में तैरकर किसी तरह अपनी जान बचाई। चालक को हल्की चोट आई है, जबकि ट्रैक्टर पर लदा सीमेंट और बालू पूरी तरह बर्बाद हो गया।
जानकारी के अनुसार, बगडहरा वार्ड-10 स्थित मसीर के डिपो से सीमेंट और बालू लेकर ट्रैक्टर शेरलंघा जा रहा था। इसी दौरान फुटानी चौक के समीप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर सीधे पोखर में जा गिरा। पोखर में पानी अधिक होने के कारण ट्रैक्टर पूरी तरह डूब गया। केवल अगले पहिए का कुछ हिस्सा ही पानी के ऊपर दिखाई दे रहा था।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी मंगवाकर ट्रैक्टर को पोखर से बाहर निकाला गया। हादसे में बड़ा नुकसान तो हुआ, लेकिन चालक और मजदूर की जान बच जाने से लोगों ने राहत की सांस ली






















