
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में इसके योगदान को महत्वपूर्ण बताया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय ने अपनी स्थापना से लेकर अब तक शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय भूमिका निभाई है। उन्होंने संस्था की भावी योजनाओं एवं विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसे नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर कृपा शंकर द्विवेदी, डॉ. बी.एन. झा, अजय कुमार सिंह, प्राचार्य पाराशर त्यागी, ओम शांति के संजय गुप्ता तथा उपमुख्य पार्षद गौतम साह ने अपने विचार व्यक्त किए और विद्यालय के निरंतर हो रहे विकास की प्रशंसा की।
विद्यालय के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि मोहिनी देवी मेमोरियल स्कूल की स्थापना 5 जुलाई 2001 को अररिया जैसे पिछड़े जिले में गरीब एवं मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी। विद्यालय के संचालक संजय प्रधान के अथक प्रयास तथा समाज के प्रबुद्ध लोगों के सहयोग से आज यह संस्था जिले ही नहीं, बल्कि राज्य स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष रामस्वरूप रुंगटा एवं उपाध्यक्ष महावीर प्रसाद रुंगटा ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में ग्रीष्मावकाश के बाद विद्यालय की विकासोन्मुखी योजनाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। समारोह में मीडिया प्रतिनिधियों, संस्था के सदस्यों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति रही।






















