नजरिया न्यूज़, अररिया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 30वें स्थापना दिवस के अवसर पर सोमवार को जिला मुख्यालय स्थित राजद कार्यालय में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष डॉ. अविनाश आनंद ने की, जबकि मंच संचालन जिला प्रधान महासचिव रामनारायण विश्वास ने किया। समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने केक काटकर पार्टी का स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने उपस्थित वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
समारोह को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने ज़ूम के माध्यम से संबोधित करते हुए पार्टी की तीन दशक की राजनीतिक यात्रा का उल्लेख किया और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को लेकर संगठन को और मजबूत बनाने की अपील की।
जिलाध्यक्ष डॉ. अविनाश आनंद ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल पिछले 30 वर्षों से सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता, भाईचारा तथा गरीब, किसान, मजदूर, पिछड़े, अति पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता आया है। उन्होंने कहा कि पार्टी संस्थापक लालू प्रसाद यादव के विचारों और तेजस्वी प्रसाद यादव के नेतृत्व में यह संघर्ष निरंतर आगे बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने पार्टी के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय तस्लीमुद्दीन के योगदान को भी याद करते हुए उन्हें सीमांचल का गांधी बताया।
कार्यक्रम के प्रभारी एवं पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तथा पूर्व सांसद महबूब अली कैसर ने कहा कि राजद हमेशा से सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों की आवाज रही है। वहीं रानीगंज विधायक अविनाश मंगलम ने कहा कि राजद ने दलित, अतिपिछड़ा, पिछड़ा, अल्पसंख्यक और दबे-कुचले समाज को राजनीतिक पहचान और सम्मान दिलाने का कार्य किया है।
समारोह को प्रदेश महासचिव अरुण यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष विश्वमोहन कुमार, मनीष यादव, सरवर आलम, विजय सिंह यादव, वाहिद अंसारी, अरविंद विश्वास, अमित पूर्वे, मोहतसिम, राकेश विश्वास, धनंजय यादव, नसीम, राशिद रूमी, कमाले हक, संतोष यादव सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। कार्यक्रम में प्रदेश, जिला, प्रखंड, नगर एवं पंचायत स्तर के सैकड़ों राजद कार्यकर्ताओं की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।






















